NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं में अचानक तेजी आ गई है। पिछले 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने की घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही वारदातों से महिलाओं और बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
ताजा मामला उलीडीह ओपी क्षेत्र का है। शनिवार तड़के संकोसाई रोड नंबर-1 में मॉर्निंग वॉक पर निकली आशा रानी षाडंगी के गले से एक उचक्के ने झपट्टा मारकर करीब 2 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली। बताया जा रहा है कि आरोपी पैदल आया और वारदात को अंजाम देकर कुछ ही सेकंड में फरार हो गया। जब तक महिला शोर मचाकर लोगों से मदद मांगती, तब तक आरोपी मौके से गायब हो चुका था।
महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
इससे पहले शुक्रवार को दिनदहाड़े सोनारी थाना क्षेत्र में एक महिला से चेन स्नैचिंग की घटना हुई थी। वहीं देर शाम साकची थाना क्षेत्र में पुलिस मुख्यालय और जिला समाहरणालय के समीप भी एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली गई थी। अब उलीडीह में तीसरी घटना सामने आने के बाद शहर में दहशत का माहौल है।

