NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : शहर में अवैध लॉटरी और जुआ के संचालन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। साकची और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में अलग-अलग छापेमारी कर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकदी, मोबाइल फोन, लॉटरी बोर्ड, डायरी, नोटबुक और जुआ-लॉटरी से जुड़े कागजात बरामद किए हैं।
साकची में लॉटरी-जुआ संचालित करने के आरोप में तीन गिरफ्तार
साकची थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन के पास अवैध रूप से लॉटरी और जुआ संचालित किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के होमपाइप कल्याण नगर निवासी 30 वर्षीय नीरज कुमार सिंह, काशीडीह निवासी 28 वर्षीय दिलीप पासवान और होमपाइप निर्मल नगर निवासी 32 वर्षीय अरविंद कुमार सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से दो लॉटरी बोर्ड, 2510 रुपये नकद, अलग-अलग नंबरों से लिखी बंसल कंपनी की कॉपी, रियलमी मोबाइल और ऑनलाइन गोवा स्टार एप से संबंधित स्क्रीनशॉट की हार्ड कॉपी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अवैध लॉटरी और जुआ संचालित करने की जानकारी दी है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता के बारे में भी जानकारी मिली है। आरोप है कि लोगों को जल्दी और अधिक पैसा कमाने का लालच देकर गोवा स्टार एप के माध्यम से सट्टा लगवाया जाता था।
मामले में साकची थाना कांड संख्या 70/2026, 23 सितंबर 2026 को बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सीतारामडेरा में जुआ संचालन का मामला, एक गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में की गई। पुलिस को 22 सितंबर की शाम इलाके में अवैध रूप से जुआ खिलाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस के पहुंचते ही कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। वहीं, जुआ खिलाने के आरोप में बिरसानगर निवासी 32 वर्षीय राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया।
मौके से पुलिस ने 1820 रुपये नकद, सैमसंग का एंड्रॉयड मोबाइल, एक पॉकेट डायरी, नोटबुक और जुआ-लॉटरी से संबंधित पेपर चार्ट बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और मौके से मिले तथ्यों के आधार पर आम लोगों को जल्द पैसा कमाने का लालच देकर ठगी करने तथा अवैध जुआ संचालित करने के आरोप में सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 104/2026 दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस आगे की जांच और कार्रवाई कर रही है।

