NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर। शहर के पुराना जेल चौक क्षेत्र में जिला प्रशासन और जुस्को की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का स्थानीय दुकानदारों ने विरोध किया। दुकानदारों ने कार्रवाई को लेकर अपनी नाराजगी जताते हुए प्रशासन से उचित समय देने और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की।
दुकानदारों का कहना है कि वे पिछले 30 से 40 वर्षों से पुराना जेल चौक के आसपास दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। अचानक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होने से उनके सामने रोजी-रोटी और रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
दुकानदारों ने कहा कि वे प्रशासन की कार्रवाई का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन रोजगार छीनने से पहले उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए। उनका कहना है कि वर्षों से दुकान चलाकर परिवार का खर्च उठाने वाले लोगों को अचानक हटाना उनके लिए बड़ी परेशानी पैदा करेगा।
दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की कि अतिक्रमण हटाने से पहले उन्हें उचित समय दिया जाए तथा वैकल्पिक जगह या पुनर्वास की व्यवस्था की जाए, ताकि उनका कारोबार पूरी तरह बंद न हो और परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न न हो।
गौरतलब है कि पुराना जेल चौक क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहले भी प्रशासन के एजेंडे में रही है।
दुकानदारों की मांग साफ है—पहले वैकल्पिक व्यवस्था, उसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।

