जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में साकची पश्चिम भाजपा मंडल के अध्यक्ष रंजीत सिंह पर जानलेवा हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रंजीत सिंह अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंचे और उन पर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दिया, जिससे बड़ी घटना टल गई। लोगों को जुटता देख हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद रंजीत सिंह ने मानगो स्थित उलीडीह थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

