जमशेदपुर : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार जमशेदपुर दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परी सदन में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
आदित्य साहू ने कहा कि जमशेदपुर में पिछले 11 दिनों से लापता युवा उद्यमी कैरव गांधी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और जिले के एसएसपी इस मामले में स्पष्ट जानकारी देने में भी असफल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है।
उन्होंने रांची और ओरमांझी की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा के दबाव के बाद वहां अपहृत बच्चों को दो दिनों में बरामद कर लिया गया, लेकिन जमशेदपुर पुलिस की निष्क्रियता चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई कर युवक को सकुशल बरामद नहीं किया गया तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर आदिवासियों की जमीन लूटने, महिलाओं की असुरक्षा, कोयले की तस्करी और बिगड़ती कानून व्यवस्था का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य के कई इलाकों में बच्चों के लापता होने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जो सरकार की विफलता दर्शाती हैं।
उन्होंने बताया कि 27 जनवरी को भाजपा प्रतिनिधिमंडल राज्य के डीजीपी से मुलाकात कर इन मुद्दों को उठाएगा, जबकि 28 जनवरी को वे स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर झारखंड की वर्तमान स्थिति से अवगत कराएंगे।
सारंडा में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मार्च तक देश को नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प लिया है और यह ऑपरेशन उसी दिशा में सकारात्मक पहल है।

