जमशेदपुर : शहर में आगामी रामनवमी महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के 163 लाइसेंसी और 12 गैर-लाइसेंसी अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में इस वर्ष रामनवमी महोत्सव को भव्यता और सनातन परंपराओं के अनुरूप मनाने का संकल्प लिया गया।
साकची स्थित उत्कल एसोसिएशन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने की। बैठक के दौरान सभी अखाड़ा समितियों ने इस बार रामनवमी को पूरे शहर में गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ मनाने पर सहमति जताई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से अखाड़ा समितियां पारंपरिक शोभायात्राएं निकालेंगी, जिनमें सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही अखाड़ों की शोभायात्रा सह विसर्जन कार्यक्रम 28 मार्च को आयोजित किया जाएगा।
आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अखाड़ा समितियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगी। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अनुशासन बनाए रखने को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।

