NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के सब्जी कारोबारी अनिल के साथ हथियारबंद अपराधियाें ने लूट की घटना काे अंजाम दिया है। बारिगोड़ा निवासी अनिल रोज की तरह सुबह करीब साढ़े चार बजे साकची सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए घर से निकले थे। सलगाझुरी रेलवे फाटक बंद मिलने पर उन्होंने पुलिया के नीचे से जाने वाले वैकल्पिक और अपेक्षाकृत सुनसान रास्ते को चुना। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे तीन युवकों ने अचानक उन्हें घेर लिया और रास्ता रोक दिया।
अनिल ने बताया कि युवकों ने हाथ में लिए हथियार को लहराते हुए उन्हें धमकाया और विरोध करने पर जान से मारने की चेतावनी दी। डर के माहौल में बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया, गले में पहनी चेन उतार ली और जेब में रखी नकदी भी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपित पुलिया के नीचे वाले अंधेरे और सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। अचानक हुए इस हमले से अनिल कुछ समय के लिए स्तब्ध रह गए और किसी तरह खुद को संभालकर सड़क किनारे सुरक्षित जगह तक पहुंचे।
घटना के तुरंत बाद अनिल ने परसुडीह थाना की टाइगर मोबाइल टीम को फोन कर लूट की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध युवक उनकी नजर में आया, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने काफी देर तक पीछा किया, लेकिन वह अंधेरा और सुनसान गलियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। हालांकि उस आरोपित की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार अब घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपिताें की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी अविनाश कुमार का कहना है कि फुटेज में संदिग्धों के मूवमेंट और चेहरों की झलक मिलने की उम्मीद है, जिसके आधार पर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज की जाएगी। पुलिस का दावा है कि लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

