NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित अभिषेक हेल्थ केयर के नीचे संचालित एक दुकान में चोरों ने देर रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां से दो गैस सिलेंडर, पांच पेटी कोल्ड ड्रिंक तथा गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। दुकान के मालिक पशुपति ने बताया कि रोज की तरह सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई सामान गायब थे। घटना की सूचना तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। घटना से स्थानीय दुकानदारों में चिंता का माहौल है।

