जमशेदपुर: जमशेदपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। जिला उपायुक्त के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत प्रशासन ने इस बार एक अनोखा और रचनात्मक तरीका अपनाया है, जिसने आमजन का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
शहर की प्रमुख सड़कों पर शुक्रवार को लोगों ने एक अलग ही नज़ारा देखा। गदा थामे यमराज के वेश में कलाकार सड़क किनारे खड़े नजर आए और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को प्रतीकात्मक अंदाज़ में चेतावनी देते दिखे। बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों और यातायात नियम तोड़ने वालों को रोककर उन्हें यह समझाया गया कि लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि नियम तोड़ने वालों पर चालान नहीं काटा गया, बल्कि उन्हें फूल भेंट कर जागरूक किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) और ट्रैफिक डीएसपी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर लोगों को यातायात नियमों के महत्व के बारे में समझाते नजर आए।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सवाल है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करना छोटी बातें लग सकती हैं, लेकिन यही सावधानियां किसी की जिंदगी बचा सकती हैं।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के मानवीय और रचनात्मक प्रयास लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। सड़क सुरक्षा माह के दौरान ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में सड़कें सुरक्षित बन सकें।

