News Lahar Reporter
जमशेदपुर: गुड फ्राइडे के अवसर पर शुक्रवार को जमशेदपुर के विभिन्न गिरजाघरों में श्रद्धा, सादगी और गंभीरता के साथ पर्व मनाया गया।
प्रभु यीशु मसीह के बलिदान और मानवता के प्रति उनके प्रेम को स्मरण करते हुए ईसाई समुदाय के लोगों ने विशेष प्रार्थना सभाओं में भाग लिया। गोलमुरी स्थित सेंट जोसेफ कैथेड्रल और बिष्टुपुर के सेंट मेरी चर्च सहित शहर के टेल्को और साकची स्थित चर्चों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस अवसर पर श्रद्धालु शोक के प्रतीक काले और गहरे रंग के परिधान पहनकर चर्च पहुंचे। ‘क्रूस की राह’ का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने गीतों और प्रार्थनाओं के माध्यम से यीशु मसीह के अंतिम क्षणों और उनके द्वारा सही गई यातनाओं को याद किया।
पादरियों ने पवित्र बाइबल का पाठ करते हुए क्षमा, प्रेम और त्याग का संदेश दिया। दोपहर के समय, जब मान्यता अनुसार यीशु ने क्रूस पर प्राण त्यागे थे, गिरजाघरों में सन्नाटा छा गया और विशेष शोक सभाएं आयोजित की गईं।
कई श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर विश्व शांति और मानव कल्याण की प्रार्थना की। पूरे दिन शहर का माहौल भक्तिमय और गंभीर बना रहा, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया।

