जमशेदपुर : झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता रहे स्वर्गीय सुधीर महतो की पुण्यतिथि गुरुवार को कदमा स्थित उलियान के शहीद सुधीर महतो स्टेडियम में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता, विधायक, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने स्वर्गीय सुधीर महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सुधीर महतो झारखंड आंदोलन के मजबूत स्तंभ थे और राज्य गठन की लड़ाई में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने सामाजिक न्याय, आदिवासी अधिकारों और क्षेत्रीय विकास के लिए आजीवन संघर्ष किया। झामुमो नेताओं ने कहा कि उनका जीवन संघर्ष, साहस और जनसेवा का प्रतीक था।
नेताओं ने कहा कि सुधीर महतो ने हमेशा झारखंड की जनता की आवाज को बुलंद किया और राज्य के अधिकारों के लिए निर्णायक भूमिका निभाई। उनके विचार और आदर्श आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
पुण्यतिथि समारोह के दौरान सभी ने संकल्प लिया कि स्वर्गीय सुधीर महतो के सपनों को साकार करने और झारखंड के सर्वांगीण विकास के लिए संघर्ष जारी रखा जाएगा। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उनकी विधायक पत्नी सविता महतो भावुक नजर आईं।

