NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन पब एंड बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह हत्याकांड की गूंज अब पूरे झारखंड में सुनाई दे रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी मनोज कौशिक मंगलवार शाम करीब पांच बजे जमशेदपुर पहुंचे और सीधे घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ एसएसपी पीयूष पांडे भी मौजूद थे।
एडीजी ने घटनास्थल पर पुलिस अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस के सामने हुई थी हिमांशु सिंह की हत्या
गौरतलब है कि शनिवार देर रात बिष्टुपुर के डबल डाउन पब एंड बार के बाहर आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह की पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद शहर में भारी आक्रोश फैल गया। सोमवार रात बिष्टुपुर थाना के बाहर लोगों ने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
तीन पुलिसकर्मी निलंबित, थाना प्रभारी भी सस्पेंड
जनता के बढ़ते गुस्से को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले उन तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया जिनकी मौजूदगी में वारदात हुई थी। इसके बाद मंगलवार सुबह बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे को भी सस्पेंड कर दिया गया।
सरकार सख्त, डीजीपी के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार इस मामले को लेकर बेहद गंभीर है। डीजीपी के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमें फरार हत्यारोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
परिजनों की मांग- गिरफ्तारी तक नहीं होगा अंतिम संस्कार
हिमांशु सिंह के परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक मुख्य आरोपी समेत सभी फरार हत्यारोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। परिजनों ने मुख्य आरोपी के एनकाउंटर की मांग भी उठाई है।

