रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने आधिकारिक तौर पर चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। मंगलवार को आयोग की ओर से अधिसूचना जारी करते हुए चुनाव प्रक्रिया की पूरी समय-सारणी तय कर दी गई। इसके साथ ही राज्यभर के नगर निकायों में चुनावी हलचल तेज हो गई है।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 28 जनवरी को जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा चुनाव की औपचारिक सूचना प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 29 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जो 4 फरवरी तक चलेगी। अभ्यर्थी प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
नामांकन पत्रों की जांच 5 फरवरी को निर्धारित समय पर की जाएगी। वहीं 6 फरवरी को उम्मीदवारों के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तिथि तय की गई है। इसी दिन प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।
इसके बाद 7 फरवरी को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
मतदान 23 फरवरी को होगा, जबकि 27 फरवरी को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग की घोषणा के बाद संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निकाय चुनाव को स्थानीय विकास और जनप्रतिनिधित्व के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

