जमशेदपुर : जमशेदपुर में कन्हैया यादव हत्याकांड को लेकर गुरुवार को शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में गोलमुरी थाना पहुंचे और थाना का घेराव करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क जाम और आगजनी की घटनाओं से इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार को गोलमुरी थाना से कुछ ही दूरी पर मैदान में बैठे कन्हैया यादव पर बाइक सवार बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने थाना के सामने सड़क जाम कर दी और आगजनी कर अपना विरोध जताया।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाया और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। हालांकि इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

