NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी, निवासी निर्मलनगर, सोनारी (जमशेदपुर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत कुल 10 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस को 31 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:50 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली ओपी क्षेत्र के पुडिसिली चौक के पास एक युवक अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहा है। सूचना मिलते ही चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम जब पुडिसिली चौक स्थित एक होटल के सामने पहुंची, तो सड़क किनारे खड़े संदिग्ध युवक ने पुलिस वाहन देखते ही भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे पीछा कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी के रूप में हुई।
इस मामले में कपाली ओपी थाना कांड संख्या 105/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सोनारी थाना, घोड़ाबांधा थाना और कपाली ओपी में हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर अपराधों के कुल 10 मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल में चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव कुमार, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, पुअनि अंशारी कच्छप तथा कपाली ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

