जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिला के कपाली ओपी पुलिस ने रंगदारी और मारपीट के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी लखन गोप उर्फ बावला (उम्र करीब 28 वर्ष) को दबोचा, जो लंबे समय से फरार था। कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को कपाली डोबो निवासी जगबंधु सिंह उर्फ कलटू सिंह (लगभग 50 वर्ष) के साथ 10 लाख रुपये की रंगदारी को लेकर बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में जेल जा चुका है। वारदात के बाद वह पुरी में छिपकर रह रहा था। हाल ही में उसके सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित झीमड़ी गांव (ससुराल) आने की सूचना मिली। इसके बाद वह जमशेदपुर के सोनारी स्थित अपने घर पहुंचा, जहां पहले से घात लगाए पुलिस दल ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

