NEWS LAHAR REPORTER
मनोहरपुर। सारंडा के छोटानागरा पंचायत अंतर्गत बहदा गांव में कुइली नदी हादसे के पीड़ित परिवारों को सोमवार को प्रखंड प्रशासन की ओर से राशन सामग्री एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रशासनिक टीम ने गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली।
बताया गया कि रविवार देर रात अचानक हुई बारिश के कारण कुइली नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव आ गया। इसी दौरान नदी पार कर रहे बहदा गांव के तीन ग्रामीण बोसेन सिद्धु, प्यारी सिद्धु और सुनीता सिद्धु तेज धार में बह गए। देर रात ग्रामीणों एवं प्रशासन के संयुक्त प्रयास से दो शव बरामद कर लिए गए, जबकि तीसरे ग्रामीण की तलाश जारी है।
सोमवार को मनोहरपुर प्रखंड प्रशासन की ओर से पंचायत सचिव युधिष्ठिर गोराई, पंचायत मुखिया मुन्नी देवगम और रोजगार सेवक प्रेम प्रसाद महतो बहदा गांव पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हादसे की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
इस दौरान प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को राशन सामग्री और नगद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की आवश्यक मदद जारी रखने की बात कही।
