NEWS LAHAR REPORTER
Ranchi: रांची के कोकर इलाके से लापता बच्ची अदिति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने बच्ची के बारे में ठोस और सही जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए घोषित इनाम राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है। पुलिस लगातार बच्ची की तलाश में जुटी हुई है और कई इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
अदिति के लापता होने के बाद पुलिस ने पहले 50 हजार रुपये इनाम की घोषणा की थी, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। अब इनाम राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मामले में सूचना देकर जांच में मदद कर सकें।
इधर, कई दिनों तक चले सर्च अभियान के बाद एनडीआरएफ की टीम ने फिलहाल अपनी खोज प्रक्रिया रोक दी है। हालांकि पुलिस की जांच लगातार जारी है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अदिति के परिजन भी थाना पहुंचकर पुलिस के साथ फुटेज देख रहे हैं, लेकिन अब तक ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे बच्ची तक पहुंचा जा सके।
परिजनों को आशंका है कि अदिति का अपहरण किया गया हो सकता है। उनका कहना है कि अदिति कभी भी नाले की तरफ नहीं जाती थी, इसलिए मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। परिवार लगातार पुलिस से हर एंगल से जांच की मांग कर रहा है।
उधर, अदिति की सुरक्षित वापसी के लिए परिवार में पूजा-पाठ का दौर जारी है। बच्ची की मां लगातार प्रार्थना कर रही हैं, जबकि स्थानीय लोग और रिश्तेदार भी अपने स्तर पर उसकी तलाश में लगे हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि जिस दिन अदिति लापता हुई थी, उसके बाद कई दिनों तक बारिश हुई, जिससे नाले में पानी का बहाव तेज हो गया। यह पानी स्वर्णरेखा नदी में जाकर मिलता है और आगे गेतलसूद डैम तक पहुंचता है। अब पुलिस डैम क्षेत्र में भी सर्च अभियान चलाने की तैयारी कर रही है, ताकि हर संभावित स्थान पर जांच की जा सके।

