NEWS LAHAR REPORTER
चांडिल। कपाली ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को लोडेड देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान तमोलिया के काड़ाधोरा शिव मंदिर के समीप रहने वाले जम्मूवन महतो उर्फ जम्बो (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक हथियार लेकर इलाके में घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से लोडेड देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने हथियार को जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में उसके पूर्व से आपराधिक मामलों में संलिप्त रहने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास और विभिन्न थानों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कपाली ओपी पुलिस ने हथियार बरामदगी और गिरफ्तारी को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया है।
