मकर संक्रांति और टुसू पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में 14 और 15 जनवरी को भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक और ट्रैफिक डीएसपी की ओर से संयुक्त आदेश जारी किया गया है। इसका उद्देश्य पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
जारी आदेश के अनुसार 14 व 15 जनवरी को सुबह 4 बजे से रात 11 बजे तक, जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
पर्व के मौके पर शहर के विभिन्न इलाकों में मकर संक्रांति स्नान, टुसू शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेले आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। संभावित भीड़ और जाम की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को जरूरत पड़ने पर संबंधित अनुमति के आधार पर छूट दी जा सकती है। साथ ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, वाहन चालकों और आयोजकों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन को सहयोग दें, ताकि पर्व सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

