जमशेदपुर : नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। तीसरे दिन मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्रों की खरीद की। चुनावी माहौल के बीच संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है।
मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 5 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रपत्र खरीदा, जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए 57 लोगों ने फॉर्म लिया। महापौर पद के लिए शाबाना बानो, नीलम देवी, पार्वती देवी, लक्की सिंह और संध्या सिंह ने नामांकन पत्र खरीदे।
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 1 अभ्यर्थी तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 18 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रपत्र खरीदा। अध्यक्ष पद के लिए आरती चौधरी ने फॉर्म लिया। वहीं, चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए किसी ने नामांकन पत्र नहीं खरीदा, जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए 5 लोगों ने प्रपत्र लिया।
अब तक की स्थिति पर नजर डालें तो मानगो महापौर पद के लिए 17, 36 वार्डों के लिए 297, जुगसलाई अध्यक्ष पद के लिए 13, 22 वार्डों के लिए 98 तथा चाकुलिया अध्यक्ष पद के लिए 4 और 12 वार्डों के लिए 36 अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे जा चुके हैं।
नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। मानगो वार्ड संख्या 2 से मोबीन खान, वार्ड संख्या 10 से आकाश कुमार ताती तथा चाकुलिया नगर पंचायत वार्ड संख्या 9 से तान्या असगर ने वार्ड सदस्य पद के लिए निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया।
चुनाव की तिथि नजदीक आने के साथ ही विभिन्न नगर निकायों में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में नामांकन संख्या और बढ़ने की संभावना है।

