NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित एनएच-33 पर बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य अब स्थानीय लोगों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया है। निर्माण स्थल से उड़ रही धूल ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात इतने खराब हैं कि कुछ फीट की दूरी तक भी साफ दिखाई नहीं देता, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
बालीगुमा से पारडीह तक सफर करने वाले राहगीर, दुकानदार, टेंपो चालक और ठेला-खोमचा चलाने वाले लोग धूल से बुरी तरह प्रभावित हैं। कुछ ही मिनटों में पूरा शरीर धूल से भर जा रहा है। धूल के कारण कई दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद करनी पड़ी हैं, जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार निर्माण एजेंसी और एनएचएआई अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया गया। जल छिड़काव और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
आखिरकार परेशान होकर स्थानीय लोगों ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को मौके पर बुलाया। विकास सिंह ने अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो सैकड़ों लोगों ने उनके नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मोटे रस्से से निर्माण कार्य में लगी मशीनों और वहां मौजूद अभियंताओं को बांधकर काम बंद करा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही निर्माण एजेंसी और एनएचएआई के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत टैंकर से पानी का छिड़काव शुरू कराया। इसके बाद स्थिति कुछ हद तक नियंत्रण में आई।
विकास सिंह ने कहा कि एनएच-33 के किनारे रहने वाले लोग धूल के कारण बेहद परेशान हैं, लेकिन स्थानीय सांसद और विधायक इस समस्या से बेखबर हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि एक बार अपनी कार का शीशा खोलकर पारडीह से बालीगुमा तक सफर करें, तब उन्हें जनता की परेशानी समझ में आएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक लोगों को इस समस्या से राहत नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस विरोध प्रदर्शन में शिव साहू, सुदामा भारती, भरत लाल, पप्पू सिंह, श्याम लाल, नगेंद्र सिंह, शिव कुमार, अरुण यादव, निर्मल तिवारी, विकास पाण्डेय, सरवन सिंह, शिवा कर्मकार, कमल मुखर्जी (दादू चाय वाले), अंसार खान, संतोष यादव, मुन्ना यादव, तिनका चौधरी, धीरज सिंह, मुन्ना सिंह, अमित सिंह, राजा सिंह, शंकर सिंह, महेश सिंह, राम स्वरूप, तेजस्वी यादव, प्रभु यादव और सुनील तिवारी समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।

