NEWS LAHAR REPORTER
मनोहरपुर। प्रकृति और संस्कृति का महापर्व करमा मंगलवार को मनोहरपुर और आनंदपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया। करमा पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। गांवों में देर रात तक करमा गीत और पारंपरिक नृत्य की गूंज सुनाई देती रही।
मनोहरपुर प्रखंड के प्रधानपाली, कुमारमुंडा, घाघरा, खुदपोस, रवंगदा, लाइलोर समेत कई गांवों में युवक-युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदर की थाप पर जमकर नृत्य किया। ग्रामीणों ने करम गोसाईं की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसी क्रम में कोलपोटका पंचायत के कुमारमुंडा गांव में विशेष करमा पर्व कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत मुखिया अजित तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान के साथ करम गोसाईं की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मुखिया अजित तिर्की ने विभिन्न अखाड़ा समितियों को पारंपरिक परिधान वितरित कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर करमा पर्व की सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत किया।
कार्यक्रम में तिला तिर्की, प्रमोद केरकेट्टा, धनेश्वर महतो, सोनू महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

