NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : कदमा-सोनारी मरीन ड्राइव पर मंगलवार देर रात करीब एक बजे दो ट्रकों के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना जोरदार था कि कोल्ड ड्रिंक्स से लदे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदी सैकड़ों बोतलें सड़क पर बिखर गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सड़क पर बिखरी कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलों और क्रेट को उठाने की होड़ भी देखने को मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार कोल्ड ड्रिंक्स से भरा ट्रक आदित्यपुर से रांची की ओर जा रहा था। इसी दौरान मरीन ड्राइव पर सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। प्रारंभिक जांच में वन-वे सड़क पर गलत दिशा से वाहन के आने को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
टक्कर के बाद कोल्ड ड्रिंक्स लदे ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। उसके पैर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेजा गया। वहीं दूसरे ट्रक का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
पुलिस ने रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सड़क को खाली कराया और यातायात सामान्य किया। बुधवार सुबह दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को जब्त कर थाने ले जाया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

