NEWS LAHAR REPORTER
Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल में कार्यरत होमगार्ड जवानों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले पांच महीनों से लंबित वेतन का भुगतान अब सोमवार को कर दिया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के निर्देश के बाद वेतन भुगतान के लिए आवश्यक राशि जारी कर दी गई है और यह अधीक्षक के खाते में पहुंच चुकी है। सोमवार को सभी होमगार्ड जवानों के बैंक खातों में बकाया वेतन भेज दिया जाएगा।
पिछले पांच माह से वेतन नहीं मिलने के कारण होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा था। कई जवानों के सामने परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया था। इसी दौरान एक महिला होमगार्ड जवान ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया था। हालांकि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
दो दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के एमजीएम अस्पताल दौरे के दौरान होमगार्ड जवानों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताई थीं। जवानों ने कहा था कि कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी कठिन हो गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब सरकार की ओर से वेतन भुगतान के लिए राशि जारी होने के बाद सोमवार को बकाया वेतन का भुगतान किया जाएगा। इससे एमजीएम अस्पताल में कार्यरत सैकड़ों होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

