NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर। डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीजों को जल्द ही सरकारी स्तर पर सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को अस्पताल के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल ने इस संबंध में जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सान्याल ने पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल और अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा के साथ बैठक कर अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर, एक्स-रे सहित विभिन्न जांच सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अलावा अस्पताल की जरूरतों, संसाधनों और मौजूदा कमियों को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।
डॉ. सान्याल ने अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, जांच व्यवस्था और इलाज के दौरान आने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी ली।
पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख ने बताया कि एमजीएम अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर विभाग लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जल्द ही सरकारी स्तर पर सीटी स्कैन जांच सुविधा शुरू की जाएगी। वहीं, एमआरआई मशीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी चल रही है।
एमजीएम अस्पताल में सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधाएं सरकारी स्तर पर शुरू होने से मरीजों को जांच के लिए निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों पर निर्भरता कम होगी। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निजी केंद्रों में होने वाले महंगे जांच खर्च से राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकारी स्तर पर इन दोनों जांच सुविधाओं के शुरू होने से एमजीएम में इलाज कराने वाले गंभीर मरीजों की जांच प्रक्रिया भी अधिक सुविधाजनक और सुगम होने की संभावना है।

