NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर में मंगलवार देर रात डिलीवरी बॉय और मेडिकल स्टूडेंट्स के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, ब्लिंकिट और बिग बास्केट से जुड़े कुछ डिलीवरी बॉय अस्पताल परिसर में डिलीवरी देने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद मेडिकल स्टूडेंट्स और डिलीवरी कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई।
डिलीवरी बॉय कुंदन कुमार ने आरोप लगाया कि डिलीवरी देकर लौटने के दौरान कुछ युवक और एक युवती ने उन्हें रोक लिया और लड़की को गलत नजर से देखने का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथियों के साथ भी मारपीट की गई और कुछ रुपये छीन लिए गए।
वहीं मेडिकल स्टूडेंट्स की ओर से विशाल नामक छात्र ने अलग पक्ष रखते हुए कहा कि तीन युवक एक ही बाइक पर अस्पताल परिसर पहुंचे थे और वहां मौजूद छात्राओं पर टिप्पणी की गई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ा। छात्रों ने छिनतई के आरोप को पूरी तरह निराधार बताया है।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के समर्थन में बड़ी संख्या में युवक अस्पताल परिसर पहुंच गए। इससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। मेडिकल स्टूडेंट्स भी एकजुट हो गए और कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर रणक्षेत्र जैसा नजर आया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

