NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर, 31 अगस्त। केंद्रीय मुखी समाज मूलनिवासी की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को भालूबासा स्थित मिस्टी इन होटल में केंद्रीय अध्यक्ष हरि मुखी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जाति प्रमाण पत्र बनवाने में हो रही परेशानियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। केंद्रीय अध्यक्ष हरि मुखी ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र शिक्षा, रोजगार और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके बावजूद तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं के कारण समाज के कई लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने संबंधित विभाग एवं झारखंड सरकार के समक्ष इस समस्या को उठाकर समाधान की दिशा में पहल करने की आवश्यकता जताई।
नशामुक्त समाज बनाने पर जोर
हरि मुखी ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज ही मजबूत और सशक्त समाज की नींव रख सकता है। उन्होंने युवाओं और अभिभावकों से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उन्होंने कहा कि केवल नशे का विरोध करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। युवाओं को शिक्षा, खेल, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी जरूरी है।
बच्चों की शिक्षा को बनाया जाए प्राथमिकता
बैठक में समाज के बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया। हरि मुखी ने कहा कि बच्चों के हाथ में नशे की सामग्री नहीं, बल्कि किताब और कलम होनी चाहिए। समाज के प्रत्येक परिवार और सामुदायिक स्तर पर बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।
बैठक में चेयरमैन पांडी मुखी, पोरेश मुखी, राम मुखी, विकास मुखी, मनोज करूवा, लखिन्दर करूवा, बबलू मुखी, पीके करूवा, केदारनाथ मुखी, दिगम्बर मुखी, राकेश मुखी सहित केंद्रीय मुखी समाज मूलनिवासी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

