NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के नागपुर मंडल अंतर्गत डोंगरगढ़ में एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई, जब एक किशोर की नादानी से ट्रेन हादसे की स्थिति बन गई। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल 15 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना 5 अप्रैल 2026 की है, जब गाड़ी संख्या 12856 इतवारी–बिलासपुर एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग पर तेज गति से दौड़ रही थी। तभी परमालकसा के पास किलोमीटर संख्या 891/6 पर ट्रेन के इंजन के नीचे पटरी पर रखा एक भारी लोहे का टुकड़ा (जुगल प्लेट) आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इंजन का ऑयल टैंक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना बेहद गंभीर थी और इससे ट्रेन के पटरी से उतरने जैसी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। यदि ऐसा होता तो सैकड़ों यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
घटना के तुरंत बाद RPF पोस्ट डोंगरगढ़ ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने रेलवे अधिनियम की धारा 153, 174(बी) और 147 के तहत अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी।
लगातार जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर 12 अप्रैल को राजनांदगांव जिले के ग्राम पर्री नाला में छापेमारी की गई। यहां से 15 वर्षीय गजेन्द्र यादव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने लोहे के टुकड़े को सिर्फ इस सोच से पटरी पर रखा था कि ट्रेन के गुजरने से टेढ़ा लोहा सीधा हो जाएगा।
एक किशोर की इस लापरवाही से रेलवे को भारी नुकसान हुआ और यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
रेलवे की अपील
RPF ने आम लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक के आसपास किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें। यह एक गंभीर अपराध है, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या नजदीकी RPF पोस्ट को दें।

