जमशेदपुर: नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में नामांकन प्रक्रिया रफ्तार पकड़ चुकी है। चौथे दिन मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पदों के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे और कई प्रत्याशियों ने नामांकन भी दाखिल किया।
मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए 3 और वार्ड सदस्य पद के लिए 57 अभ्यर्थियों ने प्रपत्र खरीदे। महापौर पद के लिए सुशीला सिंह, सोना मोनी सोरेन और प्रतिभा रानी ने फॉर्म लिया। हालांकि अब तक इस पद के लिए किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। वहीं विभिन्न वार्डों से कुल 13 प्रत्याशियों ने सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए एक तथा वार्ड सदस्य के लिए 25 अभ्यर्थियों ने प्रपत्र खरीदे। अध्यक्ष पद के लिए प्रभा पाडिया ने फॉर्म लिया, जबकि निलोफर हुसैन उर्फ नीलोफर ने नामांकन दाखिल किया। अलग-अलग वार्डों से 6 प्रत्याशियों ने सदस्य पद के लिए नामांकन किया।
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए 1 और वार्ड सदस्य के लिए 9 अभ्यर्थियों ने प्रपत्र खरीदे। अध्यक्ष पद के लिए सोमबारी सोरेन ने फॉर्म लिया, जबकि शिलावती टुडु ने नामांकन दाखिल किया। यहां 7 वार्ड प्रत्याशियों ने भी अपने नामांकन पत्र जमा किए।
अब तक के कुल आंकड़ों के अनुसार, मानगो में महापौर पद हेतु 20 तथा 36 वार्डों के लिए 354, जुगसलाई में अध्यक्ष पद हेतु 14 तथा 22 वार्डों के लिए 123 और चाकुलिया में अध्यक्ष पद हेतु 5 तथा 12 वार्डों के लिए 45 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे हैं। प्रशासन ने कहा है कि आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया और तेज होने की संभावना है।

