जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को नगर निकाय चुनाव के तहत जमशेदपुर शहर के मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया में मतदान जारी है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन की ओर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
मानगो में नगर निगम, जुगसलाई में नगर परिषद और चाकुलिया में नगर पंचायत के लिए वोट डाले जा रहे हैं। शुरुआती रुझानों में सबसे अधिक मतदान चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में दर्ज किया गया है। यहां अब तक 14.4 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
इसके विपरीत, मानगो नगर निगम क्षेत्र में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी है। यहां अब तक केवल 8.4 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। वहीं जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में 11.4 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
मानगो के मुस्लिम बहुल इलाकों में सुबह के समय मतदान केंद्रों पर भीड़ अपेक्षाकृत कम देखी गई। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि रमजान के कारण लोग सहरी के बाद आराम कर रहे हैं और दोपहर बाद मतदान केंद्रों की ओर रुख कर सकते हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी।
दूसरी ओर, डिमना रोड क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है। दाईगुट्टू इलाके के झंडा सिंह मध्य विद्यालय, गांधी नगर में मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आईं।
जुगसलाई में भी मतदान को लेकर उत्साह दिख रहा है। जुगसलाई गर्ल्स स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर महिलाओं की संख्या उल्लेखनीय रूप से अधिक रही और वे कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करती दिखीं।
दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।

