News Lahar Reporter
सरायकेला:
सरायकेला में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के आवास पर प्राचीन घटपाट परंपरा और चड़क पूजा का श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भोक्ता ‘गोरिया भार घट’ लेकर उनके आवास पहुंचे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।
परंपरा के अनुरूप श्रद्धालुओं ने कठिन अनुशासन और गहरी आस्था के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि घटपाट परंपरा और चड़क पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भैरव साधना के माध्यम से आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग है।
उन्होंने कहा कि यह परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। श्रद्धा, तप और अनुशासन का यह संगम समाज को अपनी जड़ों से जोड़ता है और नई पीढ़ी को संस्कृति के प्रति जागरूक करता है।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने इस प्राचीन परंपरा में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

