जमशेदपुर: नगरपालिका चुनाव 2026 के तहत गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से चाकुलिया नगर पंचायत, जुगसलाई नगर परिषद और मानगो नगर निगम क्षेत्र के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जा रहा है। मतदान से पूर्व प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान सामग्री और मतपेटिकाओं के सुव्यवस्थित वितरण की प्रक्रिया की समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पोलिंग पार्टियों से संवाद स्थापित करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही निर्वाचन कार्य से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इसके अलावा जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा सेक्टर पदाधिकारी और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। इस दौरान मतदान दिवस पर सुगम मतदान व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
यह पूरी प्रक्रिया झारखंड के शहरी निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

