जमशेदपुर : नव वर्ष 2026 के स्वागत में गुरुवार को जमशेदपुर पूरी तरह उत्सव के रंग में डूबा नजर आया। शहर से लेकर आसपास के प्रमुख पिकनिक स्थलों पर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही लोग परिवार और दोस्तों के साथ नए साल का जश्न मनाने निकले। हर ओर चहल-पहल, उल्लास और खुशियों का माहौल देखने को मिला।
नए साल के मौके पर जुबिली पार्क सबसे बड़ा आकर्षण रहा। हरियाली, रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक फव्वारों के बीच लोगों ने पिकनिक का भरपूर आनंद लिया। पार्क से सटे चिड़ियाघर में भी बच्चों और बड़ों की अच्छी-खासी भीड़ रही, जबकि तालाब में बोटिंग लोगों की खास पसंद बनी।
डिमना लेक में भी नव वर्ष पर खास रौनक देखने को मिली। शांत वातावरण और खूबसूरत पहाड़ियों के बीच झारखंड सहित अन्य राज्यों और विदेशों से आए पर्यटकों ने नए साल का स्वागत किया।
निक्को पार्क बच्चों और युवाओं की पहली पसंद रहा। झूलों और वाटर पार्क में आनंद लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। शहर के बीच स्थित यह पार्क दिनभर सैलानियों से गुलजार रहा।
डोबो डैम में प्राकृतिक नजारों के बीच सैलानियों ने नए साल का आनंद लिया। सूर्योदय और सूर्यास्त देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। वहीं ‘छोटा स्वर्ग’ कहे जाने वाले पहाड़ भांगा में भी हरियाली और शांति के बीच पिकनिक मनाते लोग नजर आ रहे थे।
नव वर्ष 2026 के अवसर पर टाटा स्टील समेत शहर की विभिन्न कंपनियों और संस्थानों में केक काटकर नए साल का स्वागत किया गया। कर्मचारियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और उत्सव का माहौल बना रहा।

