NEWS LAHAR REPORTER
पलामू : जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के दुल्ही गांव में कोयल नदी घाट पर करमा पूजा विसर्जन के दौरान कोयल नदी में डूबे पांच लड़कों में से पांचवें का शव 48 घंटों के बाद बरामद कर लिया गया है। 10 साल के हेमंत कुमार सिंह का शव शुक्रवार सुबह घटनास्थल से करीब ०7 किलोमीटर दूर गढ़वा जिले के बेलचंपा के पास कोयल नदी से मिला।
शव मिलने की सूचना मिलने पर चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को करम डाली विसर्जित करते समय पतरिया गांव के पांच लड़के कोयल नदी के तेज धार में डूब गए थे। चार का शव घटना के दो घंटे के भीतर बरामद कर ली गयी थी। हेमंत का शव नहीं मिला था। पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और प्रशासन उनकी तलाश में लगे थे। नदी की तेज धार और गहराई के कारण तलाश में दिक्कतें आ रही थीं।
जिला प्रशासन ने हेमंत का शव तलाशने के लिए पटना से एनडीआरएफ की टीम बुलाई थी। गुरुवार दोपहर एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम पतरिया गांव पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक शव नहीं मिला। शुक्रवार सुबह बेलचंपा के पास नदी में हेमंत का शव मिलने की जानकारी स्थानीय लोगों से मिली।
कोयल नदी घाट पर गत बुधवार की सुबह करीब 6.30 बजे करमा विसर्जन के दौरान एक नाबालिग गहरे पानी में चला गया था। उसे बचाने के लिए चार युवक नदी में उतरे, पर तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण पांचों डूब गए।
मृतकों में हेमंत के अलावा अमित कुमार ठाकुर (20), विशाल कुमार पासवान (16), आदर्श सिंह राजा (12) और नीतीश कुमार सिंह (20) शामिल हैं। ये सभी पतरिया गांव के एक ही मुहल्ले के रहने वाले थे। चार शव मिलने के बाद भी हेमंत की तलाश जारी थी। दो दिन तक परिवार और ग्रामीण नदी किनारे उसके मिलने की उम्मीद लगाए रहे। शुक्रवार सुबह शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पतरिया गांव में इस घटना के बाद से गम का माहौल है।
