जमशेदपुर : भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान राष्ट्रपति के दौरे से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रोटोकॉल अनुपालन, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।
उपायुक्त ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाते हुए रूट चार्ट, पार्किंग व्यवस्था, वैकल्पिक यातायात योजना, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था तथा स्वच्छता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश व्यवस्था, आमंत्रण पत्रों का सत्यापन, मीडिया प्रबंधन और अतिथि सत्कार से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप हों।
उन्होंने यह भी कहा कि माननीय राष्ट्रपति का दौरा जिले के लिए गर्व का विषय है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, जिला परिवहन पदाधिकारी, उप नगर आयुक्त (जेएनएसी), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। यह बैठक जमशेदपुर में राष्ट्रपति दौरे को सफल और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

