जमशेदपुर :
भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केन्द्र ट्रस्ट के भूमि पूजन कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासनिक व सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसी क्रम में कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने परिसदन में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय सहित अन्य वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम को लेकर अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत ब्रीफिंग दी। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने ले-आउट प्लान, मंच व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और टेंट निर्माण कार्य की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मुख्य अतिथि की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने प्रवेश व निकास द्वारों को सुव्यवस्थित रखने, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन निकास मार्ग की समुचित व्यवस्था करने को कहा।
साथ ही सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर वीआईपी मूवमेंट के अनुसार रूट प्लान, कारकेड व्यवस्था और यातायात नियंत्रण की ठोस योजना बनाने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा प्लास्टिक उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
आयुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

