NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: रुंगटा माइंस में ड्यूटी के दौरान गंभीर रूप से झुलसे मजदूर रतन घोष की शनिवार सुबह टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद से उनका इलाज चल रहा था, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।
मृतक रतन घोष पूर्वी सिंहभूम जिले के परसूडीह थाना क्षेत्र स्थित मकदमपुर के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, वह एक ठेका कंपनी के माध्यम से रुंगटा माइंस में कार्यरत थे। 31 मई को ड्यूटी के दौरान उनका पैर फिसल गया, जिससे वह बॉयलर के खौलते पानी में गिर गए और गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना के बाद उन्हें तत्काल टीएमएच में भर्ती कराया गया था।
रतन घोष की मौत के बाद परिजनों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत हुई। कंपनी की ओर से मृतक के परिवार को 15 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी है। इसके अलावा अंतिम संस्कार के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की गई है।
कंपनी अधिकारियों ने बताया कि रतन घोष के इलाज के दौरान टीएमएच में आए लगभग 3 लाख 25 हजार रुपये के चिकित्सा खर्च का भुगतान भी कंपनी द्वारा किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

