NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: परसुडीह पुलिस ने महिला हत्याकांड का किया खुलासा, शादी का दबाव बनने पर आरोपी ने की हत्या
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित कलियाडीह केनाल से 26 जुलाई 2026 को बरामद महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में हत्या का जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि मृतका उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई की सुबह करीब 8:20 बजे सूचना मिली थी कि कलियाडीह केनाल में एक महिला का शव पानी में तैर रहा है। सूचना पर परसुडीह थाना में सनहा संख्या-12/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान घनश्याम सिंह ने शव की पहचान अपनी मां किरण देवी (45 वर्ष), पति सुंदर प्रसाद, निवासी जुगसलाई बंगाली पाड़ा, राम मंदिर के पास, के रूप में की। इसके आधार पर परसुडीह थाना में यूडी केस संख्या-30/26 दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी पुलिस अवर निरीक्षक हिरालाल तुबीड को सौंपी गई।
सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर जांच में छोटा बांदुआ (पोटका) निवासी दासमत बास्के का नाम सामने आया। इसके बाद 1 अगस्त 2026 को परसुडीह थाना कांड संख्या-82/26, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 238(a) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी दासमत बास्के को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि किरण देवी उससे शादी करने का दबाव बना रही थीं, जिसके कारण उसने उनकी हत्या कर शव को केनाल में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टीवीएस स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05EF-3277), एक काला टी-शर्ट, गुलाबी रंग का थैला तथा बैंगनी रंग का छींटदार ट्राउजर बरामद किया है।
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक सुमीत कुमार, परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार, रितेश कुमार, हिरालाल तुबीड, बिरेंद्र कुमार सिंह, संदीप कुमार सिंह तथा थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

