NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET), सीबीएसई परीक्षा की मार्किंग में कथित गड़बड़ी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका गया तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
झामुमो केंद्रीय समिति के निर्देश पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने जिला संपर्क कार्यालय से साकची गोलचक्कर तक पैदल मार्च निकाला और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारे लगाए। मार्च के दौरान पुतलों को प्रतीकात्मक रूप से कंधों पर उठाकर ले जाया गया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को झामुमो के केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल, शेख बदरुद्दीन, गुरुचरण किस्कू, आस्तिक महतो, मनोज यादव, बारी मुर्मू और बीर सिंह सुरीन समेत कई नेताओं ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन में जिला पदाधिकारियों, महिला नेताओं, वार्ड पार्षदों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।

