जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची से मानगो जाने वाले गोल चक्कर पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दंपति को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर बाइक को टक्कर मारने के बाद काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया और आरोप लगाया कि घटनास्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर यातायात थाना होने के बावजूद भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है। जाम के कारण साकची–मानगो मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल महिला का इलाज जारी है। फिलहाल दंपति की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार ट्रेलर चालक और वाहन की पहचान की जा सके। यह हादसा एक बार फिर जमशेदपुर समेत झारखंड में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

