जमशेदपुर: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त, सरायकेला–खरसावां की अध्यक्षता में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए नागरिकों की समस्याओं की क्रमवार सुनवाई की गई।
जनता दरबार में मुड़कुम ग्राम पंचायत अंतर्गत निर्माणाधीन जलमीनार योजना में अनियमितता, कार्य की धीमी प्रगति और छूटे हुए गांवों को योजना से जोड़ने की मांग प्रमुखता से उठी। वहीं, जलसहिया का पिछले दो वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान का मामला भी सामने आया।
इसके अलावा गम्हरिया अंचल के इटागढ़ मौजा में आदित्यपुर आरआईटी से पैदल मोड़ तक बन रही सड़क में सुरक्षा मानकों के अनुपालन, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका, सरकारी भूमि के उपयोग और ग्रामीणों की निजी भूमि के अधिग्रहण से बचने की मांग को लेकर भी आवेदन प्रस्तुत किए गए।
नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत सरायकेला वार्ड संख्या–06 (खड़दासाई) में जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र भवन को लेकर ग्रामीणों ने नया भवन निर्माण कराने और तब तक किसी वैकल्पिक सुरक्षित भवन में आंगनबाड़ी संचालन की मांग रखी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागीय, अंचल और नगर निकाय के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त मामलों की नियमों के अनुरूप त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां तत्काल निरीक्षण कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बाल विकास, पेयजल, सड़क सुरक्षा और जनसुविधा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पदाधिकारी प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करें।

