NEWS LAHAR REPORTER
चांडिल सरायकेला-खरसावां पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ईचागढ़ थाना क्षेत्र से तीन किलो अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वहीं उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
सोमवार को चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ईचागढ़ थाना क्षेत्र के डुमटांड़ से पातकुम जाने वाले मार्ग पर अफीम की खरीद-बिक्री की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और डुमटांड़ चौक के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर एक आरोपी को धर दबोचा, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बुरुहातु निवासी घासीराम साव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन किलो अफीम बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, पीले रंग का प्लास्टिक बोरा और होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 17, 22 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी दल में रहे शामिल
छापेमारी दल में चांडिल के एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव, पुलिस अवर निरीक्षक शशि भूषण सिंह मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक सुरेश भगत तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

