Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलाबाडिया गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टहलने निकली दादी और उसकी पोती को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पोती गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, दोनों सड़क किनारे टहल रही थीं, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने दोनों को तुरंत सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने महिला की हालत नाजुक देखते हुए उसे जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया। देर रात टीएमएच में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल किशोरी का सदर अस्पताल में इलाज जारी है।
इधर, घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। राजनगर थाना में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

