NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कपाली के रहने वाले दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से फॉल्स सीलिंग का काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, छोटा गम्हरिया स्थित निर्मल पथ के सामने ट्रक (एमएच 12 एलटी-8538) ने बाइक (जेएच 05 डीएन-3281) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 22 वर्षीय मोहम्मद निसार, पिता मोहम्मद यूनुस, निवासी अंसार नगर, डेमडुबी (कपाली ओपी क्षेत्र) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय मोहम्मद रेहान, निवासी गौसनगर (कपाली ओपी क्षेत्र) को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक फॉल्स सीलिंग का काम कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद काफी देर तक एंबुलेंस और पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों का गुस्सा भड़क गया। स्थानीय लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और विरोध स्वरूप टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

