जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के विद्यापति नगर और सिदगोड़ा बाजार स्थित दो शराब दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की ₹6000 नकद राशि बरामद की है। दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी के अनुसार, चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें संदिग्ध युवक चोरी करते नजर आए। फुटेज के आधार पर मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई।
सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक सिदगोड़ा स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के पास घूम रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर दो युवकों को हिरासत में लिया। दोनों का चेहरा सीसीटीवी फुटेज से मिलाया गया, जिसमें उनकी पहचान पुख्ता हो गई।
पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरायकेला जिले के आदित्यपुर निवासी कार्तिक लोहार उर्फ चेपा और आरआईटी थाना क्षेत्र के आदित्यपुर टू निवासी ऋतिक पाल के रूप में हुई है। कार्तिक के पास से ₹2700 और ऋतिक के पास से ₹3300 बरामद किए गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है। कार्तिक लोहार पर साकची थाना में दो मामले दर्ज हैं, जबकि ऋतिक पाल के खिलाफ साकची और कदमा थाना में एक-एक केस दर्ज है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

