जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित रामकृष्ण मिशन स्कूल में मंगलवार को दो छात्रों के बीच हुआ आपसी विवाद अचानक हिंसक हो गया। जानकारी के अनुसार सातवीं कक्षा के दो विद्यार्थियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान चापड़ निकलने की बात सामने आई, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत सिदगोड़ा थाना पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों छात्रों को हिरासत में लेकर थाना ले गई और पूछताछ शुरू की। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, वहीं स्कूल प्रबंधन ने भी छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद अभिभावकों और शिक्षकों में चिंता का माहौल देखा गया।

