NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार रात टाउन हॉल के समीप एक युवक पर चापड़ से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक गिरी शनिवार रात करीब 9 बजे मानगो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान टाउन हॉल के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल अभिषेक गिरी का आरोप है कि हमले के दौरान उनकी जेब में रखे 10 हजार रुपये नकद भी गायब हो गए। उन्होंने अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और देप्पू नामक युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी के अनुसार, इस घटना में अजय रविदास नामक एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसके नाक और हाथ में चोट लगी है। पुलिस का कहना है कि दोनों घायलों के बयान एक-दूसरे से अलग हैं, इसलिए पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और दोषियों की पुष्टि की जाएगी।

