NEWS LAHAR REPORTER
स्कूलों में बच्चों की नियमित उपस्थिति, शत-प्रतिशत योजनाओं का लाभ और स्मार्ट क्लास संचालन सुनिश्चित करने का आदेश
सरायकेला, 1 अक्टूबर। सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने जिले के विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को दुरुस्त करने, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत विद्यार्थियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। वहीं, अपार आईडी बनाने में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वेतन निकासी पर रोक लगाने का भी निर्देश दिया।
बैठक में विद्यालयवार एवं प्रखंडवार शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान अपार आईडी (APAAR ID) बनाने की धीमी रफ्तार पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विद्यालयों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही जिन बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और बैंक खाते नहीं बने हैं, उनके दस्तावेज जल्द तैयार कराने को कहा।
बच्चों की कम उपस्थिति पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कम उपस्थिति वाले विद्यालयों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही मध्याह्न भोजन, पोशाक समेत सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक समय पर पहुंचाने और इसकी नियमित निगरानी करने को कहा।
उन्होंने शिक्षकों को नियमित गुरु गोष्ठी आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि इसके माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, शिक्षण गतिविधियों और विद्यालयों की समस्याओं पर चर्चा की जाए। कक्षाओं में खेल-खेल में शिक्षा, व्यवहारिक ज्ञान और स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने पर भी बल दिया।
खराब उपकरणों की मरम्मत कराएं, सभी स्कूलों में चलें स्मार्ट क्लास
विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के संचालन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन स्कूलों में स्मार्ट क्लास के उपकरण उपलब्ध हैं, वहां उनका नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। जिन विद्यालयों में उपकरण खराब होने के कारण स्मार्ट क्लास बंद हैं, वहां तत्काल आवश्यक समन्वय स्थापित कर मरम्मत कराई जाए, ताकि बच्चों को डिजिटल शिक्षा का लाभ मिल सके।
इसके अलावा विद्यालयों में बिजली, शौचालय, पेयजल और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
किशोरी समृद्धि योजना का लाभ दिलाने का निर्देश
उपायुक्त ने किशोरियों को किशोरी समृद्धि योजना सहित अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए संबंधित बीडीओ और सीडीपीओ के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक पहुंचाना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए बनेगी कार्ययोजना
बैठक में विभिन्न शैक्षणिक सूचकांकों और विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सभी बीईईओ, बीपीओ, बीआरपी और सीआरपी को निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार समेत सभी बीईईओ, बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी और शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

