NEWS LAHAR REPORTER
चांडिल सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (एआईडीएसओ) के बैनर तले छात्रों ने आवाज बुलंद की। प्राचार्य की अनुपस्थिति में संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रभारी पदाधिकारी के माध्यम से कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपकर सभी विषयों में सीटें बढ़ाने की मांग की।
एआईडीएसओ के कॉलेज कमेटी सचिव राजा प्रमाणिक ने कहा कि कॉलेज के सभी विषयों में निर्धारित सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं, जबकि बड़ी संख्या में योग्य छात्र-छात्राएं अब भी नामांकन से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि सिंहभूम कॉलेज चांडिल क्षेत्र का एकमात्र डिग्री कॉलेज है, जहां दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से विद्यार्थी पढ़ाई के लिए आते हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश विद्यार्थियों की आर्थिक स्थिति कमजोर है। ऐसे में दूसरे शहरों के कॉलेजों में जाकर पढ़ाई करना उनके लिए आसान नहीं है। यदि समय रहते सीटों की संख्या नहीं बढ़ाई गई तो कई छात्रों का भविष्य प्रभावित हो सकता है।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि विद्यार्थियों की संख्या और आवश्यकता को देखते हुए सभी विषयों में सीटों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी छात्र को उच्च शिक्षा से वंचित न होना पड़े।
इस दौरान रोहित प्रमाणिक, सत्यजीत प्रमाणिक, अनीता, अफ्सा परवीन समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

